Showing posts with label laghu katha. Show all posts
Showing posts with label laghu katha. Show all posts

Saturday, May 11, 2013

कुत्ता - लघु कथा

गाँव की गली में एक कुत्ता घायल अवस्था में पड़ा था।किसी दुर्घटना में उसके अगले पैरों और सिर में चोट आ गयी थी। किसी तरह अपने को घसीटता हुआ वो उस जगह पर आ गया जो उसके आश्रयदाताओं की दहलीज थी और जहाँ खेल-खाकर ,वो पिल्ला कुत्ता बना था .

उसी गाँव के दूसरे छोर पर दीनू जमींदार बैठकर हुक्का सुलगा रहे थे .केवल नाम के जमींदार थे दीनू !असल जमींदार इनके पिता रतन सिंह थे।उनके ज़माने में अच्छी खासी जायजाद थी . जहाँ बिगड़ा आज हुआ ट्रेक्टर खड़ा है वहां दो हाथी बंधे रहते थे। जमींदारी में तब आमद अच्छी थी और राजसी ठाट था। हवेली थी और दसियों नौकर चाकर।रतन सिंह रेशमी साफा बांधा करते थे, दीनू हुक्का पीते -पीते उसर सिर खुजा रहे थे जिसमे उनके बंजर होते खेतों की तरह कोई उम्मीद बाकी न थी।

अब पहले जैसी बात न थी।जायजाद के नाम पर टूटी फूटी हवेली और पांच बीघा ऊसर जमीन।स्वराज आया तो तमाम खेती और जायजाद लील गया . बची कसर  दीनू के निकम्मे कपूतों ने पूरी कर दी।

''बाबूजी मधु हाथ जला बैठी है।'' भीतर से आई छोटी बहू की आवाज पर प्रतिक्रिया देने दीनू अपने दोनों
घुटनों को पकड़कर कराहते हुए उठे ,हुक्का रखा और झुकी कमर को साधकर अन्दर की ओर बढ़ चले।बडबडाते जाते , कभी मधू ,बहुओं की लापरवाही को कोसते। हाथ काफी जल गया था . डॉक्टर बुलाया गया।दीनू  धीरे से अपनी धोती की गांठ खोलकर डॉक्टर की फीस दे रहे थे।

मधु , दीनू की सबसे छोटी और प्यारी नातिन थी। दीनू दुखी थे .बड़ी मुश्किल से बचाये  पाँच रुपये भी डॉक्टर और दवाई में खर्च हो गए।

दूसरे छोर पर कुत्ता पैर फैंक रहा था ,तड़प रहा था।

चारों बेटों में लाठियां न बजें इस गरज से दीनू  ने जमीन जायजाद के हिस्से पहले ही कर दिए।बस हवेली अपने नाम रखी ।सबसे बड़ा बेटे ने अपना सब कुछ शराब के बदले तौल दिया और फिर घर से जेवर चुरा ऐसा भगा कि फिर ना लौटा।बाकि तीनों की शादी तो कर दी पर जिम्मेदारी के बाद भी तीनों सट्टेबाजी और जुए के मुरीद बने रहे .घर का सब जाता रहा।

"तुमने मुझे मारा  है ,नहीं पहले तुमने गाली दी।" बच्चों की लड़ाई से दीनू मनःस्थिति से जागे ! बच्चों को चारपाई पर बिठाकर समझाया की लड़ना बुरी बात है . उन्हें वापस खुश होकर खेलते देख दीनू  को थोडा संतोष हुआ।

उधर कुत्ते को पत्थर मारकर बच्चे खुश हो रहे थे , उसके घाव पर पड़ते पत्थरों से जब वो कराहता तो बच्चे खुश होते ,ताली बजाते।अब कुत्ते से उन्हें कोई खतरा जो नहीं था।

इधर दीनू विचामग्न थे और उस दिन को कोस रहे थे जब उन्होंने खाट पकड़ी और घर की सत्ता बेटों ने काबिज कर ली .पिछले हफ्ते की ही बात याद करते थे जब पूरे घर को दो रातों तक भूखा सोना पड़ा था .दीनू कर्ज लेकर आये तब कहीं खाना बना।

कुत्ते को बिलबिलाते दो दिन गुजर गए तो लोगों ने उसे गली से उठाकर तालाब के किनारे ले जाने का फैसला लिया .एक तो उसकी दर्द भरी आवाजों से लोगों की नीद नहीं लगती थी और दूसरा उसके घावों में कीड़े पड़ने लगे थे।कुत्ता तालाब के किनारे लाया गया। आँखों से आंसू ,मुंह से लार टपकाते हुए वो अपने आश्रयदाताओं को जाते देख रहा था। कुंकू की आवाज करके रोकने की बेकार कोशिश भी वो कर रहा था।कभी जिनकी देहरी की वो रखवाली करता था वो बस इतने दयालु निकले कि उसके नीचे एक पुराना टाट का टुकड़ा दाल दिया था, ताकि वो आराम से मर सके।

इधर दीनू अपने बीते हुए स्वर्णिम युग को याद कर रहे थे .पहले लोगों को कर्ज देते थे आज लेना पड़ रहा था।दुःख से , कर्ज से आहत दीनू के हृदय की टीस सहन से परे हो गयी , मुंह खुला रह गया ..कुछ मक्खियाँ हुक्के की बदबू वाले मुंह में घुसकर लार चाटने लगीं ......

और उधर धूल भरे ,कीड़े वाले घावों से विहल कुत्ता भी मर गया ...........

दीपक




इंसान - लघु कथा

जिंदगी उसके हाथों से फिसली जाती थी ,मगर वो देख रहा था अपने चारों ओर बिखरी हजारों अधजली लाशों को. लोगों के जिस्म से खाल लगभग उतर चुकी थी। कौन हिन्दू है कौन मुस्लमान ,जान पाना मुनासिब न था।जमीं पर फैला खून तो बस लाल ही था।

आज समझ में आता था कि  बनाने वाले ने सिर्फ इंसानों को बनाया है हिन्दू या मुसलमानों को नहीं। उसकी  एक आँख जाती रही थी और घुटने भी फट चुके थे।शरीर को और टटोला तो मालूम हुआ की रीढ़ की हड्डी भी विक्षत हो चुकी है।

धमाके  के बाद चारों और लाशें थीं और जो जिन्दा थे वो कराहकर अपने-अपने रहनुमाओं से मौत मांग रहे थे। धर्म इंसान की एकता के लिए बने थे मगर कालांतर में ये ही भाईचारे और मानवता के रास्ते की दीवार बन गए। कितना अच्छा होता ही साड़ी दुनिया का एक ही धर्म  मानव धर्म , एक ही जाती मानव जाति और एक ही कुल मानव कुल होता !

सियासत वालों ने मसले को आग दी और गैर मुल्क वालों ने हमारा ही इस्तेमाल कर हमारे आशियाने को
जला  कर खाक कर दिया।

जब बच्चा पैदा होता है तो वो न हिन्दू होता है न मुस्लमान वो सिर्फ और सिर्फ एक इंसान होता है।हिंसा कुरान या गीता के किस्सी पन्ने की किसी पंक्ति मैं नहीं लिखी ये निश्चित है!इस पर घर्म के नाम पर यह दंगे मात्र दिखाने के लिए की केवल हमारा धर्म सच्चा है . उफ़ ! कितना शर्मनाक है यह सब . आज हम सबने खुद को हिन्दू या मुस्लमान के तौर पर न देखकर बस एक इंसान  के रूप में देखा होता तो ये फिरदौस न उजड़ा होता ..........

और अब उसकी दोनों आँखें बंद हो चुकीं थीं .....


दीपक 

हाफ पेंट- लघु कथा

जेठ  की भरी गर्मी में ,पसीने से पुते चेहरे के बीचों बीच रामू की फैली हुई मुस्कान और चमकती आँखों ने गवाही दी की उसके पापा खाकी रंग का हाफ पेंट खरीदकर लाये हैं। मलेरिया की कंपकपी और जलती गर्मी के झुलसा देने वाले लू के थपेड़े भी शायद उतने ताकतवर नहीं होते जितनी एक बालसुलभ हठ और उत्सुकता होती है।

रामू उठा और लपककर पापा के हाथों से छीनकर हाफ पेंट पहन ली।इस बात बात से कोई फरक नहीं पड़ा कि  दादी पीछे से चिल्लाती रह गयी " जूड़ी पाँच दिन में उतरेगी लल्ला , अभी तुम पूरी तरह ठीक नहीं न हो ! पर दादी की पोपली आवाज कहाँ बचपन की रवानी को रोक पाती। बचपन है ही ऐसा . बचपन में सब आप के पीछे भागते हैं क्यूंकि आप भविष्य होते हो . जवानी में सब आपके साथ चलते हैं क्यूंकि तब आप वर्तमान होते हो . बुढ़ापे में कोई नहीं होता , न साथ में न पीछे , क्यूंकि तब आप गुजर जाने की स्थिति वाले भूतकाल होते हो।

सबने हाफ पेंट की तारीफ की। तारिक ,किसना ,हेमू सब ने !

जूड़ी उतरी तो रामू स्कूल भी जाने लगा . अपना हाफ पेंट पहनके ,जिसमे तीन जेबें थीं . दो बगल में एक पीछे . पीछे वाली जेब में चूरन वाली गोलियों  के लिए दी गयी चवन्नियां खनखनाती और बगल वाली जेबों में कंचे की लाल , हरी भूरी गोलियां ठुमका करतीं . स्कूल सरकारी था , लंबे से हाल में सभी कक्षाओं को साथ बिठा लिया जाता . लम्बी लम्बी टाट की बनी पट्टियां बैठने के लिए बिछाई जातीं  जिन पर बैठ सिर हिला-हिला कर पहाड़े याद करते बच्चे कभी एक दूसरे को कोहनी ,कभी सिर  मारते , कभी हँसते कभी खीझते।

फटी हुई टाटपट्टियों के बड़े-बड़े छेदों के बीच बैठने के लिए जगह मिलना मुश्किल होता . रामू जल्दी आता . उसे बैठने के लिए जगह बनानी होती ,उसका हाफ पेंट जो नया था। अपने खाकी पेंट के लिए रामू के दिल में
अपार प्रेम था। इससे पहले वाला पेंट तो नीला था , बड़े भाई की उतरन ! पर ये वाला नया था ,उसका अपना।इसके लिए रामू कुछ भी करता !उसकी सर्दी की नाक भी अब सामने वाले बच्चे की पेंट की ही शोभा बढाती .

तीन जेबें थीं मगर उसमे पूरी दुनिया भर लेने का ख्वाब। दस साल की उमर ,हड्डियों का ढांचा , कहीं मांस का नामोनिशान नहीं। इस बार जब सरकारी डॉक्टर जाँच के लिए आई तो पूछा अरे वाह तुम्हारा हाफ पेंट तो बड़ा अच्छा है , किसने दिलाया ? " पापा ने ! शरमाते हुए रामू ने कहा . " अपनी अम्मा से बोलना तुमको दूध और हरी सब्जी खिलाये , बहुत कमजोर हो तुम !

घर जाकर रामू ने अम्मा से कहा मेरा  हाफ पेंट बहुत अच्छा लगा डॉक्टर आंटी  को और उसने बोला अम्मा से बोलना कि एक और लेकर दो "

स्कूल में हर शनिवार दलिया बाँटा जाता . रामू खाता और जेब में भरकर भी लाता . एक बार जब रामू को दस्त लगे तो बेचारा स्कूल से भागा पर बहुत कोशिश करने के बाद भी अपने हाफ पेंट को नहीं बचा पाया .
ऊपर से बहती पीली धार ने चप्पलों को तर कर दिया . घर पर मार भी पड़ी पर उसकी पूछने की हिम्मत नहीं हुई कि  क्यूँ ? रात को अम्मा ने प्यार किया , दवाई भी दी . रामू ने पूछा " मेरा पेंट धो दिया ?"

वो हाफ पेंट रामू का जीवन केंद्र था . फाउंटेन पैन की स्याही के छींटे ,घिस चुकी जेबें , और ढीला पड़ चुका इलास्टिक का नाडा इन सब के बावजूद अपने हाफ पेंट पे फक्र था उसे . उसने हेमू के घर जाना बंद कर दिया   क्यूंकि वहां उसका पालतू पिल्ला रामू के पेंट के पीछे पड़  जाता।

रामू के मुहल्ले में शाम को शाखा चलती . सब बच्चे इकठ्ठा होते ,खेलते , करते  और  राष्ट धर्म की कसमे खाते . शाखा वाले भैया बताते की हम खाकी पेंट पहनने वालों के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। हम हाफ पेंट पहनते हैं क्यूंकि हम जानते हैं की हम एक ग़रीब देश में रहते हैं जहाँ लोगों को रोटी - कपडा -मकान का अभाव है ,ऐसे में हमें सादा कपड़े पहनना चाहिए .

"खाकी रंग देश भक्त का होता है ,इसलिए मैं पहनता हूँ " जब रामू ऐसा बोलता तो पापा हंस पड़ते .

रामू बड़ा होता गया और हाफ पेंट छोटा . उसे अलमारी में सम्हाल कर रख दिया .रामू ने दसंवी पास कर ली और खेती बाड़ी में बाप का हाथ बांटने लगा . फिर एक ऱोज पुलिस की भर्ती निकली,फार्म भरा गया  और रामू , हवालदार रामवीर बन गया .  ट्रेनिंग शुरू हुई तो खाकी वर्दी भी मिली .

पहली बार घूस का पैसा लेकर घर में आया कहा "अम्मा इसे अलमारी में रख दो "

अम्मा पैसा रखकर वापस आई और बोली "बेटा अलमारी में तेरा बचपन वाला हाफ पेंट रखा है , अब तेरे पास पूरी खाकी वर्दी है ..इसे अब भी साथ रखेगा क्या ?

"नहीं अम्मा फ़ेंक दे उसे !" हवालदार रामवीर बोला  .......................


दीपक










Wednesday, May 8, 2013

सॉरी पापा !! - लघु कथा

रोज जीना और फिर खुद में दफ़न हो जाना ,कितना अजीब सा अहसास है किसी ऐसी जिन्दगी के बारे में सोचना जिसमे कुछ नया नहीं है .जिसमे लड़ने वाले दो लोग हैं . खुद की लड़ाई खुद ही  से है .खुदा जहाँ खुद से बैगैरत है और आसमान में बैठे तमाशबीन से ज्यादा कुछ नहीं .सठिया गए बूढ़े  की तरह वो खींसे -निपोरता कभी चादर मांगता, और कभी जब उसका हुक्का पीने का दिल करता चार - छह धूप की बोटियाँ उसके मुंह में  ठूस दी जाती , कम से कम बेचारा कुछ देर मुँह के भीतर जलते सुगन्धित प्रसाधनों में उलझा रहेगा .

फिर नमाज के बाद समझ लिया जाता कि दोजख का रास्ता जैसे हमेशा के लिए बंद हो गया .लोग बुदबुदाते  रहते और सब सर झुकाते मगर कोई उनसे नहीं पूछता कि वो लोग कुछ ढंग का कम क्यूँ नहीं करते .

मंदिर में या मस्जिद में, कहीं भी गया ऐसा लगा कि इन घंटियों के बीच , इन अजानों के बीच गहरा कोई सन्नाटा है जो मौकापरस्त, मक्कार संप की तरह घात  लगाये बैठा है . इसे जब-जब मौका मिला इसने डसा . कभी ४७ ,कभी ८४, कभी बाबरी ,कभी गोधरा . फिर मौलवी की बढ़ी दाढी हो या पंडित की चुटिया ,किसी को भी इसने नहीं बक्शा .

मेरे बच्चे ने पूछा सड़क के उस पर वाली गलियों में जाने की पाबन्दी क्यूँ है ? मैंने कहा वहां खुदा रहता है ! इसलिए पाबन्दी है .

वो एक दिन बिन बताये उन्हीं गलियों में आगे बढ़ गया .शाम तक न लौटा तो मुझे चिंता हुई . मैं भी जहाँ कभी न जाने का फक्र दिल में पाले बैठा था , वहां के लिए चल पड़ा . खूब ढूंढा .ढूंढता ही रहा . जब तक थक न गया शाम न हुई -बस ढूंढता रहा .शाम को जब कसाइयों की दुकानों पर बोटियाँ बिकने लगीं तो दिल दहल गया मैं दुकानों पर भी घुमा की कहीं .....पर इंसानी गोश्त की पहचान मुझे नहीं थी ...डर था क्यूंकि सब गलत हो रहा था और जनेऊ  काटे जा रहे थे . हर तरफ अफरातफरी का माहौल सा था .ऐसे में मेरा बेटा खुदा को खोजता हुआ यहाँ आया होगा . दस साल की उम्र में हर चीज को जानने का तूफान दिल में हिंडोले ले रहा होता है .फिर उसका क्या दोष !

मैं थके क़दमों से चरों तरफ ढूंढता रहा . फिर देखा कि खुदाबक्श के घर के पास अंजीर के पेड़ के नीचे वो खेल रहा है .मैंने उसे लात घूंसों से मारा ,लताड़ा और घसीटा . बिना इस बात पर गौर किये की वो जिन्दा है और सही सलामत है .

उसने कहा खुदा ढूंढने नहीं आया था !!  वो तो हमारे भगवान्  के पास ही कहीं रहता है . जब भगवान् मिल जायेगा तो खुदा का बिस्तर भी ढूंढ़ लेंगे .

एक बच्चा यहाँ से हमारे यहाँ आ गया था भगवान ढूंढ़ते  हुए . उसको मैंने बताया की हमारा भगवान तुम्हारे खुदा  के पास ही रहता है उसे ढूंढ़ते हुए तुम रास्ता भटक गए हो. यहाँ कोई भगवान नहीं सिर्फ भगवा है . तुम अपने खुदा  के पास ही रहो . जब वो मिल जाये तो भगवान भी मिल जायेगा .तब मुझे भी मिलाना .

इस छोटे बच्चे को खुदा  के पास वापस करने आया था और यहीं खेलता रह गया . सॉरी पापा !!